बुधवार, 8 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फिर दर्दनाक हादसा: सेक्टर-94 में गहरे पानी भरे गड्ढे में डूबने से छात्र की मौत, प्राधिकरण पर उठे सवाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फिर दर्दनाक हादसा: सेक्टर-94 में गहरे पानी भरे गड्ढे में डूबने से छात्र की मौत, प्राधिकरण पर उठे सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा: शहर में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है, जिसने प्रशासन और प्राधिकरण की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व में हुए युवराज हादसे के बाद भी सुरक्षा व्यवस्थाओं में सुधार न होना इस घटना से साफ नजर आ रहा है।

ताज़ा मामला नोएडा सेक्टर 94 का है, जो थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां सुपरनोवा बिल्डिंग के पास बने एक गहरे, पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षित भट्ट के रूप में हुई है, जो इंदिरापुरम (खंड-3) का निवासी था और Amity University, सेक्टर-125 में BPES कोर्स के छठे सेमेस्टर का छात्र था।

पिकनिक बना मातम

जानकारी के अनुसार, हर्षित अपने तीन दोस्तों के साथ परीक्षा समाप्त होने के बाद पिकनिक मनाने के लिए सेक्टर-94 क्षेत्र में आया था। इसी दौरान वह गहरे पानी भरे गड्ढे के पास पहुंचा और अचानक पैर फिसलने से पानी में गिर गया। गड्ढे की गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।

मौके पर मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर थाना सेक्टर 126 पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी Saad Miya Khan भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

प्राधिकरण पर फिर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां लंबे समय से गहरे गड्ढे में पानी भरा हुआ था, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे—न बैरिकेडिंग और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे।

इस घटना ने एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही को उजागर कर दिया है। सवाल यह है कि आखिर कब तक ऐसी लापरवाही के कारण मासूम जानें जाती रहेंगी?

यह हादसा एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, वहीं शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।।