गौतमबुद्धनगर: चलती कार में लगी भीषण आग, 6 लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना थाना फेस-3 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-121 स्थित घड़ी चौखंडी चौकी के पास की है, जहां नोएडा से परथला FNG की ओर जा रही एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार में ओवरहीटिंग के कारण इंजन में आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका। गाड़ी में सवार सभी 6 लोग बिना देर किए सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि आग की लपटों ने कार को काफी नुकसान पहुंचाया, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इंजन के ओवरहीट होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस और दमकल विभाग ने वाहन चालकों को समय-समय पर गाड़ी की सर्विसिंग कराने और लंबी दूरी के दौरान इंजन की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी है।
यह घटना एक बार फिर वाहन सुरक्षा और सतर्कता की अहमियत को उजागर करती है।।
