सोमवार, 27 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 64 मामलों से जुड़ी 4100 लीटर से अधिक शराब नष्ट!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 64 मामलों से जुड़ी 4100 लीटर से अधिक शराब नष्ट!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 27 अप्रैल 2026।
दो टूक//पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत थाना सेक्टर-142 पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के आदेशानुसार भारी मात्रा में जब्त शराब को नष्ट कराया। इस कार्रवाई के तहत कुल 64 अभियोगों से संबंधित करीब 4100 लीटर से अधिक अवैध शराब को समाप्त किया गया, जिसमें अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी शराब शामिल है।

पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे माल निरस्तीकरण अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा के नेतृत्व में की गई, जबकि सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय, थाना प्रभारी सेक्टर-142 और आबकारी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 से 2024 के बीच आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 64 मामलों में जब्त की गई लगभग 3371 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 323 लीटर अवैध बीयर और 406 लीटर अवैध देशी शराब को जेसीबी मशीन की मदद से नष्ट किया गया। इसके लिए पहले गड्ढा खोदा गया, फिर शराब की बोतलों को तोड़कर उसमें दबाकर मिट्टी से ढंक दिया गया, ताकि इसका दुरुपयोग न हो सके।

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।