सोमवार, 27 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सनसनी: आईटी कंपनी के डायरेक्टर ने 22वीं मंजिल से कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सनसनी: आईटी कंपनी के डायरेक्टर ने 22वीं मंजिल से कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां सेक्टर-107 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में आईटी कंपनी के डायरेक्टर ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सज्जल मेहरोत्रा के रूप में हुई है, जो सेक्टर-107 स्थित प्रतीक एडिफिस सोसाइटी में रहते थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने सोसाइटी की 22वीं मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने जोरदार आवाज सुनकर बाहर देखा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

यह घटना एक बार फिर महानगरों में बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव की ओर इशारा करती है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।।