सोमवार, 27 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बड़ी कार्रवाई: 5650 लीटर अवैध शराब पर चला रोड रोलर, पुलिस ने किया नष्ट!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बड़ी कार्रवाई: 5650 लीटर अवैध शराब पर चला रोड रोलर, पुलिस ने किया नष्ट!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 27 अप्रैल 2026

दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना बिसरख पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर जब्त शराब को नष्ट कर दिया। माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 110 अभियोगों से संबंधित कुल लगभग 5650 लीटर अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया।

इस कार्रवाई में करीब 4000 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 1150 लीटर बीयर और 500 लीटर देशी शराब शामिल रही। शराब को नष्ट करने के लिए पुलिस ने रोड रोलर चलवाकर उसे पूरी तरह तोड़ा और फिर गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबा दिया, ताकि इसका दोबारा दुरुपयोग न हो सके।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे माल निरस्तीकरण अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा द्वारा की गई, जबकि मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त सेंट्रल नोएडा द्वितीय, थाना बिसरख प्रभारी निरीक्षक और आबकारी निरीक्षक भी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की कार्रवाइयों का उद्देश्य न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करना है, बल्कि लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को भी सुनिश्चित करना है।।