गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल व अवैध हथियार बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 27 अप्रैल 2026
दो टूक// ग्रेटर नोएडा: थाना सूरजपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 27 अप्रैल 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने पेरामाउंट सोसाइटी की सर्विस रोड के पास से अभियुक्त आशू कोहली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP14GD6716), जो कि मु0अ0सं0 47/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित है, तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आशू कोहली पुत्र विनोद कुमार, निवासी ग्राम व थाना गुलावठी, जनपद बुलंदशहर (वर्तमान पता एस्कोर्ट कॉलोनी, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर) के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई जा रही है।
जांच में सामने आया है कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें थाना सूरजपुर और थाना दादरी में पंजीकृत मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है और क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोरी गिरोह से उसका संबंध होने की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल और अवैध हथियार को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अभियुक्त से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।।
