गौतमबुद्धनगर: नोएडा के पॉश सेक्टर-51 में देर रात चोरों का आतंक, एक ही रात में तीन कोठियों को बनाया निशाना, CCTV में कैद हुई हरकतें!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा, शहर के पॉश इलाकों में शुमार सेक्टर-51 में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों के एक गिरोह ने एक ही रात में तीन कोठियों को निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले सेक्टर-51 के B-103 मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद गिरोह की गतिविधियां B-104 के बाहर संदिग्ध रूप में देखी गईं, जो वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं। फुटेज में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही स्पष्ट रूप से देखी जा रही है, जिससे पुलिस जांच के लिए अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि चोरों का अगला निशाना B-105 मकान था, लेकिन जैसे ही उन्होंने वहां घुसने की कोशिश की, घर में लगे आधुनिक सुरक्षा सिस्टम “Parvekshak” ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। तेज सायरन और अचानक जल उठी लाइटों से घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना ने यह भी साबित किया कि अत्याधुनिक सुरक्षा तकनीक समय रहते बड़ी वारदात को टाल सकती है।
घटना के बाद पूरे सेक्टर में हड़कंप मच गया और लोग रातभर सतर्क रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है, क्योंकि यह इलाका पहले सुरक्षित माना जाता था।
वहीं, इस पूरे मामले में थाना सेक्टर-49 प्रभारी का कहना है कि अभी तक इस प्रकार की किसी भी घटना की आधिकारिक शिकायत उनके संज्ञान में नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना ने नोएडा की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।।
