ऑपरेशन ‘कन्विक्शन’ का असर: गौतमबुद्धनगर पुलिस की सख्त पैरवी से 5080 अपराधियों को सजा, 117 को उम्रकैद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर।
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट पुलिस ने जघन्य अपराधों में प्रभावी पैरवी करते हुए हजारों अपराधियों को सजा दिलाने का रिकॉर्ड बनाया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2023 से 3 अप्रैल 2026 तक हत्या, पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, दहेज हत्या, अपहरण, लूट, डकैती जैसे गंभीर मामलों में कुल 5080 अपराधियों को सजा दिलाई गई है। यह कार्रवाई मजबूत विवेचना, साक्ष्यों के समयबद्ध प्रस्तुतीकरण और अदालत में प्रभावी पैरवी का परिणाम मानी जा रही है।
पुलिस द्वारा इस अवधि में कुल 4549 अभियोगों में सजा सुनिश्चित कराई गई। इनमें पॉक्सो एक्ट के 104, दुष्कर्म के 16, दहेज हत्या के 4, अपहरण के 25, हत्या के 62, डकैती के 15, लूट के 323, गिरोहबंद अधिनियम के 78, चोरी के 1403, आर्म्स एक्ट के 1067 और अन्य मामलों के 1452 अभियोग शामिल हैं।
सख्त न्यायिक कार्रवाई के तहत अदालतों ने भी गंभीर रुख अपनाते हुए 117 अपराधियों को आजीवन कारावास, 32 को 20 वर्ष और 37 को 10 वर्ष की सजा सुनाई है। यह दर्शाता है कि पुलिस और अभियोजन की समन्वित कार्यप्रणाली अपराधियों के खिलाफ कितनी प्रभावी साबित हो रही है।
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है। निष्पक्ष जांच, मजबूत साक्ष्य और समयबद्ध कार्रवाई के जरिए न केवल अपराधियों को सजा दिलाई जा रही है, बल्कि समाज में कानून का भय भी स्थापित किया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत इसी तरह सख्त और प्रभावी पैरवी जारी रखी जाएगी, ताकि जघन्य अपराधों में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जा सके।।
