मंगलवार, 7 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 5.0 का असर: छेड़छाड़ व पीछा करने वाले आरोपी को कासना पुलिस ने किया गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 5.0 का असर: छेड़छाड़ व पीछा करने वाले आरोपी को कासना पुलिस ने किया गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत एक बार फिर पुलिस की तत्परता देखने को मिली है। थाना कासना क्षेत्र में वूमेन पावर लाइन-1090 पर मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दलेलगढ़ निवासी अंकुश राय पिछले कई दिनों से उसका पीछा कर रहा था, घूरता था और अनावश्यक रूप से परेशान कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए 1090 से सूचना थाना कासना पुलिस को भेजी गई, जहां जांच के दौरान आरोप सही पाए गए।

इसके बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए तेजी से कार्रवाई की। मैनुअल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से आरोपी अंकुश राय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और महिला सुरक्षा पुलिस उपायुक्त अनुकृति सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत वूमेन पावर लाइन-1090 या डायल-112 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।।