गौतमबुद्धनगर: दनकौर में पुलिस मुठभेड़: फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, गोली लगने से घायल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 07 अप्रैल 2026।
दो टूक//थाना दनकौर क्षेत्र में फायरिंग की घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम अट्टा फतेहपुर निवासी कासिम पर गांव के ही युवक कायदे आजम ने खेत में काम करते समय गाली-गलौज करते हुए देशी तमंचे से फायर कर दिया। इस घटना में कासिम घायल हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना दनकौर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। मंगलवार को खजूर वाले बाबा अंडरपास के पास सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के इशारे पर उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी कायदे आजम (23 वर्ष) गोली लगने से घायल हो गया। उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस संबंध में थाना दनकौर में मुकदमा संख्या 80/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
