लखनऊ :
गैंगस्टर बिल्डर भाईयों की करोड़ो की सम्पत्ति होगी कुर्क,प्लाटिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी का है मामला।
दो टूक : लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के न्यायालय संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) ने प्लाटिंग के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी कर अकूत संपत्ति बनाने वाले गैंग लीडर प्रमोद कुमार उपाध्याय और उसके भाई विनोद कुमार उपाध्याय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से अर्जित 6 करोड़ 48 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए हैं।
विस्तार:
सोमवार को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के न्यायालय संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) ने दोनों आरोपियों की अपराध से अर्जित 6 करोड़ 48 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रमोद कुमार उपाध्याय (गैंग लीडर) उसका भाई विनोद कुमार उपाध्याय निवासी राजागांव खरौनी थाना बांसडीह जनपद बलिया, वर्तमान पता ओमेक्स सिटी थाना बिजनौर लखनऊ के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ मोहनलालगंज, पीजीआई, सरोजनीनगर, आशियाना समेत कई थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी, हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में कुल 66 मुकदमे दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि दोनों भाईयो ने मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र में प्लाटिंग के नाम पर सैन्यकर्मियों सहित भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों की ठगी की थी। ठगी से अर्जित धन से इन्होंने विभिन्न स्थानों पर करोड़ों की चल-अचल संपत्तियां खड़ी कर ली थीं। पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी संपत्तियों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
