मंगलवार, 7 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई: ‘टेक सपोर्ट’ के नाम पर विदेशी नागरिकों से करोड़ों की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई: ‘टेक सपोर्ट’ के नाम पर विदेशी नागरिकों से करोड़ों की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर | 07 अप्रैल 2026

दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की साइबर क्राइम टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना साइबर क्राइम नोएडा पुलिस ने टेक सपोर्ट के नाम पर विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले 4 शातिर साइबर अपराधियों को सेक्टर-76 नोएडा से गिरफ्तार किया है।

 कैसे देते थे वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया कि आरोपी इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “Tech Support” के नाम से पेड विज्ञापन चलाते थे। इन विज्ञापनों में टोल-फ्री नंबर दिए जाते थे, जिन पर कॉल करने वाले विदेशी नागरिक सीधे आरोपियों के कॉलिंग सॉफ्टवेयर से जुड़ जाते थे।

आरोपी खुद को टेक्निकल सपोर्ट एजेंट बताकर लोगों को यह विश्वास दिलाते थे कि उनका कंप्यूटर या डिवाइस हैक हो चुका है। इसके बाद स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए उनका सिस्टम एक्सेस कर लिया जाता था और डर का माहौल बनाने के लिए स्क्रीन ब्लैक कर दी जाती थी।

 ऐसे करते थे ठगी

इसके बाद आरोपी पीड़ितों की बैंकिंग जानकारी हासिल कर उनके खातों की जांच करते थे।

  • कम बैलेंस होने पर 350 से 2000 अमेरिकी डॉलर तक वसूली करते थे।
  • अधिक रकम होने पर केस को “सीनियर एजेंट” के पास ट्रांसफर कर दिया जाता था, जो और बड़ी ठगी को अंजाम देता था।

ठगी से प्राप्त रकम को आरोपी क्रिप्टो करेंसी के जरिए प्राप्त कर आपस में बांट लेते थे। जांच में करोड़ों रुपये के लेनदेन के सबूत मिले हैं।

 पढ़े-लिखे और चालाक आरोपी

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी उच्च शिक्षित हैं और विदेशी लहजे (एक्सेंट) में बात कर आसानी से लोगों को अपने झांसे में ले लेते थे।

 गिरफ्तार आरोपी

  • मौ. बिलाल (26 वर्ष), निवासी आदर्श नगर, दिल्ली
  • देव कपाही (25 वर्ष), निवासी आदर्श नगर, दिल्ली
  • अभिषेक मुखेजा (27 वर्ष), निवासी भिवाड़ी, राजस्थान
  • कुशाग्र निम्बेकर (24 वर्ष), निवासी रोहिणी, दिल्ली

 बरामदगी

  • 4 लैपटॉप
  • 8 मोबाइल फोन
  • 4 माइक्रोफोन-हेडफोन
  • 2 राउटर

 पुलिस की अपील: ऐसे रहें सुरक्षित

पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा—

  • किसी भी अनजान कॉल या विज्ञापन पर भरोसा न करें
  • केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही कस्टमर केयर नंबर लें
  • स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस से बचें
  • OTP, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें
  • “आपका सिस्टम हैक हो गया है” जैसे डराने वाले मैसेज से सावधान रहें

साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

 यह कार्रवाई दर्शाती है कि साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस लगातार सतर्क और सक्रिय है।