गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3 किलो से अधिक गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने अवैध नशा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 445 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर नशा तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अप्रैल 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-10 स्थित एक पार्क के पास खंडहरनुमा कमरे के आसपास छापेमारी की गई। मौके से पुलिस ने शेखर हरी पुत्र सुखदेव हरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी वर्तमान में सेक्टर-9 के पीछे स्थित जे.जे. कॉलोनी में रह रहा था, जबकि वह मूल रूप से बिहार के भागलपुर जनपद का निवासी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामलों में वांछित और आरोपी रहा है, जिससे उसके संगठित रूप से नशा कारोबार में शामिल होने की आशंका और गहरा गई है।
बरामदगी के आधार पर थाना फेस-1 नोएडा में मु0अ0सं0 189/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
