गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी सफलता: वाहन चोर गिरफ्तार, 3 चोरी की बाइक और अवैध तमंचा बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 22 अप्रैल 2026।
दो टूक//थाना सेक्टर-39 नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे व निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और एक अवैध .315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 22 अप्रैल 2026 को थाना सेक्टर-39 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छलेरा सेक्टर-43 की ओर, चौकी सेक्टर-37 क्षेत्र से अभियुक्त राहुल शेरा पुत्र हरि किशन को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिलें और अवैध हथियार बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्त राहुल शेरा (उम्र 22 वर्ष) मूल रूप से ग्राम महोली, थाना करताई, जिला करौली (राजस्थान) का निवासी है और वर्तमान में नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला में किराये के मकान में रह रहा था।
आपराधिक इतिहास खंगालने पर चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल शेरा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय था।
बरामदगी का विवरण:
- स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP14 EA 0868)
- हीरो होंडा डीलक्स (UP16 AD 9150)
- स्प्लेंडर प्लस (UP14 EK 1158)
- एक अवैध तमंचा .315 बोर
पुलिस की सक्रियता से अपराध पर लगाम
नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ जारी है और उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
कमिश्नरेट का संदेश:
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।।
