बुधवार, 22 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: कुपोषण मुक्त भारत की ओर कदम: पोषण पखवाड़ा के तहत दनकौर ब्लॉक में चला व्यापक जागरूकता अभियान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कुपोषण मुक्त भारत की ओर कदम: पोषण पखवाड़ा के तहत दनकौर ब्लॉक में चला व्यापक जागरूकता अभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतम बुद्ध नगर, 22 अप्रैल 2026: कुपोषण मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में जनपद गौतम बुद्ध नगर में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा ‘पोषण पखवाड़ा’ के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया गया। ब्लॉक दनकौर के कासना, सिरसा एवं लढ़पुरा क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर सघन निरीक्षण के साथ-साथ लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व सीडीपीओ संध्या सोनी ने किया। इस दौरान मुख्य सेविका ममता और माधुरी सहित विभागीय टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां संचालित पोषण गतिविधियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान के दौरान एक महत्वपूर्ण विषय के रूप में बच्चों में बढ़ते ‘स्क्रीन टाइम’ पर विशेष चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि मोबाइल और टीवी का अत्यधिक उपयोग बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। अभिभावकों को सलाह दी गई कि वे बच्चों की डिजिटल गतिविधियों को सीमित रखें और उन्हें खेल-कूद, पढ़ाई तथा रचनात्मक कार्यों की ओर प्रेरित करें।

इसके साथ ही संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी जोर दिया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों ने घर-घर जाकर पोषण संबंधी संदेशों का प्रसार किया और लाभार्थियों को विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए उनसे जुड़ने की प्रक्रिया भी समझाई।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है, ताकि आने वाली पीढ़ी को कुपोषण जैसी गंभीर समस्या से मुक्त किया जा सके।।