मंगलवार, 21 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग, दूसरे दिन भी बेकाबू हालात—जहरीले धुएं से जनजीवन प्रभावित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग, दूसरे दिन भी बेकाबू हालात—जहरीले धुएं से जनजीवन प्रभावित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डंपिंग ग्राउंड में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया है। आग पर काबू पाने के प्रयास दूसरे दिन भी जारी हैं, लेकिन कूड़े के विशाल ढेर में सुलग रही लपटों और उससे उठ रहे जहरीले धुएं ने आसपास के गांवों, कंपनियों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयावह है कि चारों तरफ घना धुआं फैल गया है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही है और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां लगातार मौके पर तैनात हैं और आग बुझाने का प्रयास जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपिंग ग्राउंड से उठ रहे जहरीले धुएं के कारण हजारों लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। खासकर आसपास के गांवों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका है कि गर्मी, गैस बनने या लापरवाही के चलते आग भड़क सकती है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्रशासन और दमकल विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द आग पर काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने डंपिंग ग्राउंड के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम की मांग की है।।