अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित, गौतमबुद्धनगर के 34 अभ्यर्थी सफल — 4 अप्रैल को होगी काउंसलिंग!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्ध नगर, 02 अप्रैल 2026।
दो टूक// अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। मेरठ मंडल के जनपद बुलंदशहर स्थित ग्राम कौन्दू में संचालित इस विद्यालय में प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें गौतमबुद्धनगर के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
अपर श्रम आयुक्त गौतमबुद्धनगर राकेश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 6 एवं कक्षा 9 के लिए आयोजित इस प्रवेश परीक्षा में मेरठ मंडल की कुल 140 सीटों के सापेक्ष चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। इसमें जनपद गौतमबुद्धनगर से कुल 34 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है।
विस्तृत जानकारी के अनुसार, कक्षा 6 में 21 अभ्यर्थी (10 बालक एवं 11 बालिकाएं) तथा कक्षा 9 में 14 अभ्यर्थी (9 बालक एवं 5 बालिकाएं) सफल घोषित किए गए हैं। यह सफलता जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है, जिससे विद्यार्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है।
उन्होंने आगे बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन (काउंसलिंग) 04 अप्रैल 2026 को प्रातः 9:00 बजे अटल आवासीय विद्यालय परिसर, ग्राम कौन्दू, जनपद बुलंदशहर में किया जाएगा। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
प्रशासन की ओर से सभी सफल अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया को समय से पूर्ण कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।।
