गुरुवार, 2 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में ‘इंडिया स्किल्स 2025–26’ का भव्य समापन, युवाओं के हुनर को मिला राष्ट्रीय मंच, उत्तर प्रदेश के प्रतिभागियों ने लहराया परचम!!

शेयर करें:

 गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में ‘इंडिया स्किल्स 2025–26’ का भव्य समापन, युवाओं के हुनर को मिला राष्ट्रीय मंच, उत्तर प्रदेश के प्रतिभागियों ने लहराया परचम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

स्किल इंडिया बना जनआंदोलन, विकसित भारत 2047 की दिशा में युवाओं का बढ़ता आत्मविश्वास

गौतमबुद्धनगर, 02 अप्रैल 2026

दो टूक//कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इंडिया स्किल्स नेशनल कॉम्पटीशन 2025–26 का भव्य समापन गुरुवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर से आए प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, उद्योग प्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। समापन समारोह में युवाओं के उत्कृष्ट कौशल, नवाचार और प्रतिभा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (कौशल विकास एवं उद्यमशीलता) जयंत चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि स्किल इंडिया मिशन आज केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने युवाओं को निरंतर सीखने, खुद को अपडेट रखने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र सतत प्रयास और सीखने की ललक है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हुनर ही व्यक्ति की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि भारत के युवा अपने कौशल के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं और आने वाले समय में विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित करेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में कौशल ही सबसे बड़ी ताकत है, जो युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें वैश्विक अवसरों से जोड़ती है। उन्होंने बताया कि छोटे शहरों और गांवों से निकलकर युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की मजबूत नींव रख रहा है।

हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल एवं न्याय विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उनके कौशल और क्षमता पर विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के स्वागत भाषण में नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार पिल्लई ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि कौशल, समर्पण और उत्कृष्टता का उत्सव है, जो युवाओं को रोजगार के साथ आत्मविश्वास और सम्मान भी प्रदान करती है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने प्रदेश के विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा लगातार राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो प्रदेश की कौशल विकास नीतियों की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने विजेताओं को आगामी वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

समारोह में उत्तर प्रदेश के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। प्रयागराज के नितिन कुमार (Wall & Floor Tiling) और आगरा के सूर्यांश गुप्ता (Renewable Energy) ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। वहीं मुरादाबाद के सात्विक गोयल (Industrial Design Technology) और गाजियाबाद के जुनैद (Carpentry) ने रजत पदक हासिल किए। फर्रुखाबाद के गंभीर सिंह (Beauty Therapy), लखनऊ की लावण्या शुक्ला (Graphic Design) और कानपुर की शीतल वर्मा (Painting & Decorating) ने कांस्य पदक प्राप्त किए।

इस भव्य आयोजन में बिहार, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, स्किल एक्सपर्ट्स, ट्रेनर्स एवं देशभर से आए हजारों प्रतिभागी उपस्थित रहे। समापन समारोह के साथ यह संदेश भी दिया गया कि यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए एक नई शुरुआत है, जहां से वे वैश्विक स्तर पर अपने कौशल का परचम लहराने के लिए आगे बढ़ेंगे।।