गौतमबुद्धनगर: रबी विपणन वर्ष 2026-27: गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन सख्त, किसानों की सुविधा और पारदर्शिता पर विशेष जोर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 02 अप्रैल 2026।
जनपद में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार ने की, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं गेहूं क्रय केंद्र प्रभारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खरीद प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक संसाधनों एवं उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को अधिक से अधिक योजना का लाभ दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे वे अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सकें।
कार्यशाला में क्रय नीति के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा केंद्र प्रभारियों को अधिकतम मात्रा में गेहूं खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे संपूर्ण खरीद अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजित प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में गेहूं क्रय अवधि 30 मार्च से 15 जून 2026 तक निर्धारित की गई है। सभी क्रय केंद्र प्रतिदिन प्रातः 09 बजे से सायं 06 बजे तक संचालित होंगे। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिस पर 20 रुपये अतिरिक्त भी देय होगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि किसानों के लिए fcs.up.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। रविवार एवं राजपत्रित अवकाश के दिनों में क्रय केंद्र बंद रहेंगे। भुगतान प्रक्रिया PFMS के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में की जाएगी तथा खरीद का पूरा रिकॉर्ड ई-पीओपी मशीन के जरिए रियल टाइम में दर्ज किया जाएगा। जनपद में गेहूं का औसत उत्पादन 43.90 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंका गया है।
इस अवसर पर जिला सहकारी अधिकारी विवेक सिंह, समस्त मंडी सचिव एवं गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
