मंगलवार, 7 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी में बेखौफ चोरों का कहर: माता के मंदिर से 3 किलो चांदी के छत्र और सोने की मूर्ति चोरी, CCTV में कैद वारदात!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी में बेखौफ चोरों का कहर: माता के मंदिर से 3 किलो चांदी के छत्र और सोने की मूर्ति चोरी, CCTV में कैद वारदात!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। अब चोरों ने आस्था के प्रमुख केंद्र को ही अपना निशाना बनाकर सनसनी फैला दी है। बिसाहड़ा रोड स्थित दुर्गा विशाल मंदिर में हुई चोरी की इस घटना ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, देर रात एक अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसा और माता की मूर्ति पर सजे करीब 3 किलो वजनी चांदी के दो कीमती छत्रों के साथ-साथ सोने की मूर्ति को भी चुरा ले गया। हैरानी की बात यह है कि चोर ने पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

इस पूरी घटना का वीडियो मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया है, जिसमें आरोपी की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर कमेटी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मंदिर के पुजारी मनीष कुमार त्रिवेदी ने बताया कि चोर ने बड़ी चालाकी से चोरी को अंजाम दिया, जिससे स्पष्ट है कि उसने पहले से ही मंदिर की गतिविधियों की रेकी की थी।

वहीं, सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मंदिर में हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।।