गौतमबुद्धनगर: नोएडा जिला अस्पताल में सिरिंज खरीद घोटाला: 1.20 लाख की खरीद पर उठे सवाल, जांच के घेरे में अधिकारी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा के जिला अस्पताल में सिरिंज खरीद को लेकर बड़ा घोटाला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। करीब 1 लाख 20 हजार सिरिंज की खरीद में भारी अनियमितताओं और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब यह प्रशासनिक जांच के दायरे में आ चुका है।
सूत्रों के अनुसार, अस्पताल प्रशासन पर आरोप है कि मरीजों के उपयोग के लिए मानक सिरिंज के बजाय कथित रूप से पशुओं में इस्तेमाल होने वाली सिरिंज मंगाई गईं। इससे न केवल मरीजों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हैं, बल्कि पूरे खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता भी संदेह के घेरे में आ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच टीम द्वारा अस्पताल से जुड़े कई अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। विशेष रूप से डेटा ऑपरेटर और खरीद प्रक्रिया से जुड़े स्टाफ को जांच के दायरे में लिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं में इस तरह की लापरवाही सामने आने से आम जनता में भी नाराजगी देखी जा रही है।
फिलहाल जांच जारी है और जल्द ही इस मामले में बड़े खुलासे और सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।।
