गौतमबुद्धनगर:;डेटिंग ऐप से बुलाया, शराब पिलाकर बनाया शिकार: नोएडा में महिला गैंग का खुलासा, 2 गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-126 पुलिस ने डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को जाल में फंसाकर लूट-चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी और ₹13,000 नकद बरामद किए हैं। यह गिरोह सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स के माध्यम से लोगों को निशाना बनाता था।
ऐसे बनाया गया शिकार
पीड़ित युवक ने 7 अप्रैल 2026 को थाना सेक्टर-126 में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर “तनु वर्मा” नाम की महिला से हुई थी। बातचीत के बाद महिला ने उसे मिलने के लिए सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा स्पायरा बिल्डिंग बुलाया। मुलाकात के दौरान महिला ने युवक को अत्यधिक शराब पिलाकर नशे की हालत में कर दिया और फिर उसके गले से सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और करीब ₹27,000 नकद लेकर फरार हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अंडरपास से दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-126 पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर 8 अप्रैल को पुलिस ने सेक्टर-94 अंडरपास के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सीता चक्रवर्ती उर्फ तनु वर्मा उर्फ माया और सागर चौहान के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुला शातिर तरीका
पुलिस पूछताछ में महिला आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर अपना नंबर साझा कर अकेले रहने वाले या नए संपर्क की तलाश में लोगों से दोस्ती करती थी। विश्वास जीतने के बाद वह उन्हें मिलने के लिए बुलाती और फिर नशीला पदार्थ या अधिक शराब पिलाकर उन्हें बेहोशी या नशे की हालत में पहुंचा देती थी। इसके बाद वह उनके पास मौजूद कीमती सामान और नकदी लेकर फरार हो जाती थी।
इस पूरे खेल में उसका साथी सागर चौहान चोरी किए गए आभूषणों को बाजार में बेचता था और दोनों आपस में रकम बांट लेते थे।
आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार महिला आरोपी पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और वर्तमान में दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र में रह रही थी, जबकि उसका साथी गाजियाबाद के शालीमार गार्डन का निवासी है।
बरामदगी और मुकदमा
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और ₹13,000 नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना सेक्टर-126 में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर अनजान लोगों से मिलने से पहले पूरी सतर्कता बरतें। किसी भी अजनबी पर जल्दी विश्वास न करें और सार्वजनिक स्थानों पर ही मुलाकात करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।।
