रविवार, 5 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में बड़ा लापरवाही कांड: पेट्रोल की जगह गाड़ियों में भरा पानी, 20 वाहन ठप—12 हजार लीटर फ्यूल बर्बाद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में बड़ा लापरवाही कांड: पेट्रोल की जगह गाड़ियों में भरा पानी, 20 वाहन ठप—12 हजार लीटर फ्यूल बर्बाद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा |
दो टूक// ग्रेटर नोएडा शहर के बीटा-2 थाना क्षेत्र में शनिवार को एक पेट्रोल पंप पर हुई बड़ी लापरवाही ने दर्जनों वाहन चालकों को परेशानी में डाल दिया। सेक्टर पाई-वन स्थित Indian Oil के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की जगह पानी मिलने से करीब 20 वाहन अचानक खराब हो गए। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय कई लोग अपनी कार और बाइक में पेट्रोल भरवाकर निकले थे, लेकिन कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही उनके वाहन बंद पड़ गए। शुरुआत में लोगों को तकनीकी खराबी का शक हुआ, लेकिन जब एक के बाद एक कई वाहन ठप हुए तो मामला गंभीर हो गया। इसके बाद सभी वाहन चालक वापस पेट्रोल पंप पहुंचे और शिकायत की।

जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
पेट्रोल पंप पर जांच के दौरान पता चला कि टैंक में पानी मिल गया था, जो सीधे वाहनों की टंकियों में चला गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टैंक से जुड़ी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे बारिश का पानी अंदर घुस गया और पेट्रोल में मिल गया।

20 वाहन खराब, मौके पर बुलाने पड़े मैकेनिक
इस घटना में करीब 10 कारें और 10 मोटरसाइकिलें प्रभावित हुईं। कई वाहनों को मौके पर ही मैकेनिक बुलाकर ठीक कराया गया, जबकि कुछ वाहन अभी भी पंप पर खड़े हैं। अचानक हुए इस नुकसान से वाहन मालिकों में भारी नाराजगी देखी गई।

हंगामे के बाद पहुंची पुलिस
स्थिति बिगड़ती देख सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मामले को संभालते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही जिला पूर्ति विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल की।

12 हजार लीटर पेट्रोल हुआ बेकार
पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, इस घटना में करीब 12,000 लीटर पेट्रोल पूरी तरह खराब हो गया है। फिलहाल टैंक को खाली कर साफ कराया जा रहा है ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।

मुआवजे पर सहमति
घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने प्रभावित वाहन चालकों को मुआवजा देने पर सहमति जताई है। हालांकि, इस लापरवाही ने पेट्रोल पंप की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना ने साफ कर दिया है कि पेट्रोल पंपों पर गुणवत्ता जांच और सुरक्षा मानकों में कहीं न कहीं बड़ी चूक हो रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।।