बुधवार, 1 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 16 प्रतिबंधित कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार, वन्यजीव तस्करी का खुलासा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 16 प्रतिबंधित कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार, वन्यजीव तस्करी का खुलासा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा, 1 अप्रैल 2026।
दो टूक// थाना जारचा पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 16 प्रतिबंधित कछुए, एक मोपेड (विक्की) और कछुए पकड़ने का जाल बरामद किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना जारचा टीम ने समाना नहर से बुलंदशहर की ओर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान गगन पुत्र सेठपाल (उम्र लगभग 23 वर्ष), निवासी राजनगर, पानीपत (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से 16 प्रतिबंधित कछुए बरामद हुए, जिन्हें अवैध रूप से पकड़कर तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक मोपेड (रजि. नं. HR06AM9486) और कछुए पकड़ने का जाल भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

बरामद कछुओं को सुरक्षित रखते हुए वन विभाग की टीम को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ थाना जारचा में मु0अ0सं0 60/2026 के तहत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं (9/39/49/49(a)/49(b)/50/51/52) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों की तस्करी एक गंभीर अपराध है, और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।।