गौतमबुद्धनगर: नोएडा में संचारी रोगों पर वार: 1 से 30 अप्रैल तक चलेगा विशेष नियंत्रण अभियान, जागरूकता रैली के साथ हुआ शुभारंभ!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 1 अप्रैल 2026।
दो टूक//जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान शुरू किया है। 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ सेक्टर-39 स्थित जिला चिकित्सालय से जागरूकता रैली निकालकर किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. अजय राणा ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि बदलते मौसम में मच्छरजनित और अन्य संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है, जिसे देखते हुए पूरे महीने विशेष सतर्कता और व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
रैली जिला चिकित्सालय सेक्टर-39 से शुरू होकर सिटी सेंटर होते हुए सेक्टर-41 तक निकाली गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ नोएडा विकास प्राधिकरण और बाल एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविन्द्र सिरोहा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उबैद कुरेशी और चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।
अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर साफ-सफाई और रोकथाम संबंधी कार्य किए जाएंगे। इसमें नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कीटनाशकों का छिड़काव और फॉगिंग शामिल है। साथ ही, जन-जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने और जलभराव से बचने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विशेष रूप से आशा कार्यकर्ताओं की टीम घर-घर जाकर फीवर सर्वे करेगी और लोगों को मच्छरों के पनपने से रोकने के उपाय बताएगी। कूलर, पानी की टंकियों और अन्य जलभराव वाले स्थानों को खाली कराने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखते हुए किसी भी प्रकार के बुखार या बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।।
