गुरुवार, 2 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: डेटिंग ऐप के नाम पर ब्लैकमेल गैंग का भंडाफोड़, थाना 126 पुलिस की बड़ी सफलता !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: डेटिंग ऐप के नाम पर ब्लैकमेल गैंग का भंडाफोड़, थाना 126 पुलिस की बड़ी सफलता !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 02 अप्रैल 2026

दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने एक बड़ी और सराहनीय कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन डेटिंग एप के माध्यम से लोगों को जाल में फंसाकर ब्लैकमेल व लूट करने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी सुमनेश विकल के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर इस संगठित अपराध का खुलासा किया है।

पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस की मदद से की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुशांक सिंह, प्रदीप, रोहित कुमार और वासु के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 01 डायमंड सॉलिटेयर नग, 01 सोने की चैन तथा 14,530 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

शातिर अंदाज में करते थे शिकार

जांच में सामने आया कि यह गैंग बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए किराए पर कमरा लेकर अपनी पहचान छुपाते थे। इसके बाद डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने झांसे में लेते थे।

जब कोई व्यक्ति मिलने के लिए उनके बताए पते पर पहुंचता था, तो उसे बहला-फुसलाकर आपत्तिजनक स्थिति में फंसा लिया जाता था और उसकी फोटो व वीडियो बना ली जाती थी। इसके बाद वीडियो वायरल करने और परिवार को भेजने की धमकी देकर पीड़ित से मोटी रकम वसूल की जाती थी और उसके पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण भी लूट लिए जाते थे।

 संगठित गिरोह चला रहा था ब्लैकमेलिंग रैकेट

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह संगठित रूप से काम कर रहा था और चोरी के मोबाइल, फर्जी सिम कार्ड व नकली पहचान का इस्तेमाल करता था। आरोपी लगातार लोगों को निशाना बनाकर ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और लूट जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है, जिससे इनके अपराधी नेटवर्क का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

बरामदगी

  • 01 डायमंड सॉलिटेयर नग
  • 01 सोने की चैन
  • ₹14,530 नगद

 मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

इस संबंध में थाना सेक्टर-126 नोएडा पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 पुलिस की अपील

नोएडा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन डेटिंग या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अजनबियों से सावधानीपूर्वक व्यवहार करें और बिना सत्यापन के किसी से मिलने न जाएं।।