मऊ :
खेत में मिला 12 वीं के छात्र का शव,शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के अरदौना गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में 12वीं के एक छात्र का शव मिला। मृतक की पहचान विपुल यादव (17 वर्ष) पुत्र भूपेंद्र यादव निवासी अरदौना रहिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान सिवान में एक युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव को खेत में लाकर फेंका गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता विदेश में नौकरी करते हैं।
सीओ मधुबन अंजनी कुमार पांडे ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का भरोसा दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
