मंगलवार, 10 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: सोशल मीडिया पर ‘WE ARE HIRING’ का जाल: क्रूज में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, नोएडा पुलिस ने 6 आरोपी दबोचे!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सोशल मीडिया पर ‘WE ARE HIRING’ का जाल: क्रूज में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, नोएडा पुलिस ने 6 आरोपी दबोचे!!

!! वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-113 पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश में क्रूज जहाजों पर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंक से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की है, जिनका इस्तेमाल लोगों को फर्जी तरीके से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगने में किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, 10 मार्च 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम ने एंथूरियम बिजनेस पार्क, सेक्टर-73 नोएडा में छापा मारकर इस गिरोह के 6 सदस्यों (महिला-पुरुष) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरीम खान, शोएब खान, रितिका, मन्तसा अब्बासी, फातिमा और खुशी उर्फ खुशबू के रूप में हुई है।

सोशल मीडिया पर पेड एड चलाकर फंसाते थे शिकार

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी सरीम खान और शोएब खान ने बताया कि वे M/S Recruite Service नाम से फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “WE ARE HIRING” के पेड विज्ञापन चलाते थे। इन विज्ञापनों के माध्यम से वे देश-विदेश, खासकर क्रूज शिप में नौकरी दिलाने का लालच देकर युवाओं को आवेदन करने के लिए प्रेरित करते थे।

इसके बाद इच्छुक लोगों से ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर उनकी व्यक्तिगत जानकारी ली जाती थी और जॉब प्रोसेसिंग फीस, वीजा और अन्य खर्चों के नाम पर 40 हजार से 60 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। पैसे मिलने के बाद आरोपियों द्वारा ई-मेल के माध्यम से फर्जी जॉइनिंग लेटर भेज दिया जाता था। जब तक पीड़ितों को ठगी का अहसास होता, तब तक आरोपी उनसे संपर्क तोड़ देते थे।

नोएडा में किराए पर लिया था ऑफिस

गिरोह ने अपने इस फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क में एक ऑफिस किराए पर लिया हुआ था, जहां से वे कंप्यूटर सिस्टम और मोबाइल फोन के माध्यम से सोशल मीडिया विज्ञापन चलाकर देशभर के युवाओं को निशाना बनाते थे।

पुलिस ने बरामद किए कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से

  • 07 मोबाइल फोन
  • 01 लैपटॉप
  • 05 मॉनिटर, 05 कीबोर्ड, 05 CPU और 04 माउस
  • 01 राउटर
  • 02 मोहर, 02 चेकबुक
  • 02 सिम कार्ड और 01 एटीएम कार्ड
  • अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज

बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों के माध्यम से ठगी के नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

इस संबंध में थाना सेक्टर-113 में मु0अ0सं0 75/2026 के तहत धारा 61(2), 318(4) BNS और 66(D) आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

पुलिस की अपील

नोएडा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर नौकरी से जुड़े किसी भी विज्ञापन पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर दें।