मंगलवार, 10 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर:-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ASMITA लीग में खेल प्रतिभाओं का जलवा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ASMITA लीग में खेल प्रतिभाओं का जलवा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा/गौतमबुद्धनगर, 10 मार्च 2026।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ASMITA लीग के अंतर्गत जिला खेल स्टेडियम मलकपुर (सूरजपुर) में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता माय भारत, गौतम बुद्ध नगर द्वारा खेल कार्यालय एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ बैडमिंटन और रस्साकसी जैसी खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में अंडर-13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतिभागियों ने भाग लिया और पूरे जोश व उत्साह के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

100 मीटर दौड़ में अंडर-13 वर्ग में शिरीन, मिसबह और अल्फिजा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 13-18 वर्ष वर्ग में अस्मा, आभा और भावना विजेता रहीं, जबकि 18+ वर्ग में मोनिका, आस्था और जानवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

200 मीटर दौड़ में संजना, मिज़रह, शाहजहाँ, नयाशा, सोनी, भूमि, मोनिका, मानसी और सुहाना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं 400 मीटर दौड़ में आयशा, इकरा, अस्मीन, श्रेष्ठा, सोनिया, सेजल, मोनिका, ऋतिका और हर्षिता ने शानदार दौड़ लगाते हुए विजेता स्थान प्राप्त किए।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवा कल्याण एवं पीआरडी अधिकारी महिपाल सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और खेलों में योगदान देने वाली महिला शिक्षिकाओं तथा महिला कोचों को विशेष रूप से सम्मानित किया।

इस अवसर पर माय भारत के उप निदेशक शिवेंद्र सिंह ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बालिकाओं और महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए जिला खेल विभाग का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में फरमूद अख्तर, दिनेश, अंजुम, सुमित, विजय, बालचंद्र सहित कई गणमान्य व्यक्ति, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।।