शनिवार, 21 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर VVIP कार्यक्रम की तैयारी तेज, अपर मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर VVIP कार्यक्रम की तैयारी तेज, अपर मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

 सुरक्षा, ट्रैफिक और मूलभूत सुविधाओं पर खास जोर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गौतमबुद्धनगर, 21 मार्च 2026

दो टूक : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पर प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग एरिया सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम से जुड़ी हर व्यवस्था समयबद्ध, सुव्यवस्थित और निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।

 सुरक्षा और समन्वय पर विशेष फोकस

निरीक्षण के बाद यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) के प्रशासनिक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ट्रैफिक मैनेजमेंट और वैकल्पिक मार्गों की तैयारी

अपर मुख्य सचिव ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि—

  • वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण पहले से किया जाए
  • ट्रैफिक डायवर्जन की सूचना समय रहते आमजन तक पहुंचाई जाए
  • पार्किंग व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित और सुचारु रखा जाए

 मूलभूत सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ निभाने के लिए कहा, ताकि कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो सके।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विशेष सचिव मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह, यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंहशैलेंद्र भाटिया, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार और मंगलेश दुबे, एयरपोर्ट कंपनी के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन, सीओओ किरन जैन, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, एसडीएम जेवर अभय दुर्गेश सिंह, डीसीपी पूनम मिश्रा, एसीपी सार्थक सेंगर सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

कुल मिलाकर, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर प्रशासन कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं है और हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।