शनिवार, 21 मार्च 2026

गोण्डा- उप्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वेंकटाचार्य क्लब परिसर में कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन, प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने किया उद्घाटन

शेयर करें:
गोण्डा- उप्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वेंकटाचार्य क्लब परिसर में कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन आज किया गया। इसका उद्घाटन प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने किया।
प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है, नंद बाबा दुग्ध मिशन, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना तथा मत्स्य संपदा योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायकों ने भी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए विकास कार्यों में तेजी की बात कही। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जनपद में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में चयनित किसानों को सोलर लाइट ट्रैप एवं मूंग मिनी किट वितरित की गई तथा उत्कृष्ट किसानों और ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर किसानों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
शनिवार को वेंकटाचार्य क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को मुफ्त टूल किट्स वितरित किए। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित टूल किट्स वितरण योजना के अंतर्गत 35 लाभार्थियों को विद्युत चालित चाक तथा 5 लाभार्थियों को पगमिल मशीनें प्रदान की गईं। इसके साथ ही ग्रामोद्योगी टूल किट्स वितरण योजना के तहत 9 लाभार्थियों को दोना मेकिंग मशीन वितरित कर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन किया जा रहा है, जिससे पलायन पर भी अंकुश लगेगा।
कार्यक्रम के दौरान खादी एवं ग्रामोद्योग प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड से चयनित 32 ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने ग्राम प्रधानों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक ग्रामोद्योग इकाइयों की स्थापना कराने का आह्वान किया।