बुधवार, 25 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर : UP RERA का सख्त आदेश—बिल्डरों को हर 3 महीने में देनी होगी प्रगति रिपोर्ट, लापरवाही पर जुर्माना तय!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर : UP RERA का सख्त आदेश—बिल्डरों को हर 3 महीने में देनी होगी प्रगति रिपोर्ट, लापरवाही पर जुर्माना तय!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा सहित पूरे उत्तर प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से UP RERA ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। अब सभी बिल्डरों और प्रमोटर्स के लिए अपने प्रोजेक्ट्स की प्रगति रिपोर्ट हर तीन महीने में अपडेट करना अनिवार्य कर दिया गया है।

रेरा के निर्देशों के अनुसार, बिल्डरों को अपनी परियोजनाओं की तिमाही प्रगति रिपोर्ट आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। इस रिपोर्ट में निर्माण कार्य की स्थिति, वित्तीय प्रगति और अन्य जरूरी विवरण शामिल होंगे, ताकि खरीदारों को सही और समय पर जानकारी मिल सके।

अथॉरिटी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो बिल्डर समय पर रिपोर्ट अपडेट नहीं करेंगे, उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। इस कदम को होमबायर्स के हितों की सुरक्षा और रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

बताया गया है कि यूपी रेरा में फिलहाल कुल 4098 प्रोजेक्ट्स रजिस्टर्ड हैं, जिनमें से करीब 2000 परियोजनाओं में निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में यह आदेश हजारों खरीदारों के लिए राहत और भरोसा बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस नए नियम से बिल्डरों की जवाबदेही तय होगी और परियोजनाओं में देरी, गलत जानकारी और पारदर्शिता की कमी जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।।