गौतमबुद्धनगर: प्रीपेड स्मार्ट मीटर बने परेशानी का सबब, उपभोक्ताओं ने उठाई आवाज — यूपीपीसीएल अधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा
नोएडा शहर में प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी बढ़ती समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के मुख्य अभियंता संजय जैन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं।
बैठक में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली लागू होने के बाद से उपभोक्ताओं को लगातार तकनीकी खामियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या यह सामने आई कि भुगतान करने के बावजूद कई बार अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके अलावा मीटर रिचार्ज अपडेट में देरी, बैलेंस की गलत जानकारी और सर्वर से जुड़ी दिक्कतें भी प्रमुख मुद्दों के रूप में उठाई गईं।
प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था को उपभोक्ता हित में लागू किया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह व्यवस्था लोगों के लिए सुविधा के बजाय सिरदर्द बनती जा रही है। उन्होंने मांग की कि इन तकनीकी खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए और एक मजबूत बैकअप सिस्टम तैयार किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
बैठक में फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव केके जैन, पवन यादव, विजय कुमार भाटी, अशोक कुमार मिश्रा, देवेंद्र सिंह चौहान, विनोद शर्मा, ओमवीर बंसल, कोशिंदर यादव, अनीता, सत्यनारायण गोयल, वीरेंद्र सिंह नगरकोटी और राघवेंद्र दुबे समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अभियंता संजय जैन ने प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित तकनीकी खामियों की जांच कर जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा और संतुष्टि विभाग की प्राथमिकता है, और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बैठक के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और नोएडा के उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।
