गौतमबुद्धनगर: UGC, ST/SC व आरक्षण के मुद्दे पर ब्राह्मण समाज महासंघ की बड़ी बैठक, आंदोलन की चेतावनी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 22 मार्च 2026।
दो टूक// नोएडा, ब्राह्मण समाज महासंघ द्वारा UGC, ST/SC एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर समाज में बढ़ते असंतोष के बीच रविवार को सेक्टर-82 स्थित काकराला में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने की, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक के दौरान UGC, ST/SC, UCC तथा आरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इन मुद्दों पर समाज में व्याप्त आक्रोश को गंभीर बताते हुए कहा कि यह केवल एक वर्ग का नहीं, बल्कि व्यापक स्तर पर असंतोष का विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए।
चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि ब्राह्मण समाज महासंघ को और अधिक सशक्त एवं संगठित किया जाएगा, ताकि समाज की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाया जा सके। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि UGC, ST/SC एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विरोध लगातार जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन जैसे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.के. मिश्रा, सेक्टर-82 अध्यक्ष विनोद पाण्डेय, अनिल शुक्ला, विशेष पाण्डेय, अंबिका प्रसाद पाण्डेय, अखिलेश मिश्रा, अरुण कुमार द्विवेदी, सुमंत कुमार तिवारी, मनोज कुमार शुक्ला, राहुल पाण्डेय, मनोज पाण्डेय, मणि राम पाण्डेय, भगवान दास शर्मा, मोनू पाण्डेय तथा श्रीमती अलका शर्मा सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों और सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि समाज के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और आने वाले समय में बड़े स्तर पर रणनीति बनाकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।।
