रविवार, 22 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 5.0 के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस का व्यापक जागरूकता अभियान, महिलाओं को सुरक्षा कानूनों और हेल्पलाइन की दी जानकारी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 5.0 के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस का व्यापक जागरूकता अभियान, महिलाओं को सुरक्षा कानूनों और हेल्पलाइन की दी जानकारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 22 मार्च 2026।
दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) के अंतर्गत लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा के पर्यवेक्षण में यह अभियान जन-जागरूकता का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है।

इसी क्रम में रविवार को मिशन शक्ति टीम ने जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधे संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा, अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

कार्यक्रम के दौरान टीम ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के उद्देश्यों को विस्तार से समझाया। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों, बाल विवाह निषेध कानून, महिला सशक्तिकरण, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

मिशन शक्ति टीम द्वारा पंपलेट वितरण के माध्यम से भी व्यापक जागरूकता फैलाई गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और वन स्टॉप सेंटर-181 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को बिना झिझक अपनी समस्याएं साझा करने और पुलिस पर भरोसा रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से ही इसे मजबूत बनाया जा सकता है।

गौरतलब है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस का यह अभियान न केवल महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।।