रविवार, 22 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: अपंजीकृत कीटनाशक से बनी मच्छर अगरबत्तियों पर सख्ती, ‘स्लीपवैल- कमफर्ट’ ब्रांड पर प्रशासन की नजर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अपंजीकृत कीटनाशक से बनी मच्छर अगरबत्तियों पर सख्ती, ‘स्लीपवैल- कमफर्ट’ ब्रांड पर प्रशासन की नजर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 22 मार्च 2026।
दो टूक// जनपद में अपंजीकृत कीटनाशक युक्त मच्छर भगाने वाली अगरबत्तियों के निर्माण और बिक्री को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे ने आमजन से अपील की है कि ऐसे उत्पादों की जानकारी साक्ष्य सहित प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि शासन को होम इंसेक्ट कंट्रोल एसोसिएशन के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर यह संज्ञान में आया है कि जनपद सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में ऐसी मच्छर भगाने वाली अगरबत्तियां बनाई और बेची जा रही हैं, जिनमें अपंजीकृत कीटनाशकों—विशेष रूप से डाईमेंफलूथ्रिन एवं मेपरफलूथ्रिन—का उपयोग किया जा रहा है। ये उत्पाद ‘स्लीपवैल’ और ‘कमफर्ट’ जैसे ब्रांड नामों से बाजार में उपलब्ध हैं।

अधिकारी के अनुसार, इस प्रकार के उत्पाद कीटनाशी अधिनियम 1968 एवं नियमावली 1971 की धारा 9(3) का स्पष्ट उल्लंघन हैं। साथ ही, बिना किसी मानक और पंजीकरण के बनाए जाने के कारण ये मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर रूप से हानिकारक साबित हो सकते हैं।

प्रशासन ने जनपद के नागरिकों से जागरूकता दिखाने की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी भी किराना स्टोर, जनरल स्टोर, मेडिकल स्टोर या अन्य दुकानों पर इस प्रकार की अगरबत्तियों की बिक्री या निर्माण होता हुआ पाया जाता है, तो उसकी सूचना संबंधित दुकान के नाम, पते और अन्य साक्ष्यों के साथ जिला कृषि रक्षा कार्यालय को दी जाए।

सूचना देने के लिए विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित कक्ष संख्या-310 में संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित उत्पादों का स्टॉक सीज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का यह कदम न केवल उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि अवैध और मानकहीन उत्पादों के कारोबार पर भी रोक लगाएगा।।