मंगलवार, 3 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: Greater Noida में हाईटेंशन लाइन बनी काल: 11 हजार वोल्ट करंट से मजदूर की मौत, मुआवजे को लेकर बिजली विभाग घिरा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: Greater Noida में हाईटेंशन लाइन बनी काल: 11 हजार वोल्ट करंट से मजदूर की मौत, मुआवजे को लेकर बिजली विभाग घिरा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली दनकौर क्षेत्र के उस्मानपुर गांव में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे 38 वर्षीय मजदूर ताज मोहम्मद की 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला।

काम के दौरान करंट की चपेट में आए मजदूर

जानकारी के अनुसार ताज मोहम्मद गांव में एक मकान की चिनाई का कार्य कर रहे थे। मकान के समीप से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि एक तार नीचे की ओर झूल रहा था। काम के दौरान अचानक उनका संपर्क उस तार से हो गया और उन्हें तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

हादसे से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण भट्टा गांव स्थित बिजली कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने शव को कार्यालय परिसर में रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से बिजली के तार खुले और नीचे लटके हुए हैं, जिसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी खुले तारों के कारण कई लोग झुलस चुके हैं। इसके बावजूद विभाग ने लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने या तारों को दुरुस्त करने की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने एसडीओ, जेई और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस और अधिकारियों ने दिया आश्वासन

सूचना मिलते ही दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। विद्युत विभाग के अधिकारी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। अधिकारियों ने घटना की जांच कराने और शासन स्तर से हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

काफी देर तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों के समझाने पर प्रदर्शन शांत हुआ। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि गांव में बिजली लाइनों का सर्वे कराकर खुले और जर्जर तारों को तत्काल ठीक किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल ताज मोहम्मद की असामयिक मौत से उनका परिवार गहरे सदमे में है और ग्रामीण प्रशासन से न्याय और मुआवजे की उम्मीद लगाए हुए हैं।।