गौतमबुद्धनगर: नोएडा के बसई गांव में महिलाओं पर कुत्ता छोड़ने का आरोप, हंगामे के बाद नामजद आरोपी गिरफ्तार!!
दो टूक// नोएडा। थाना नोएडा के फेस-3 क्षेत्र स्थित बसई गांव में महिलाओं पर कुत्ता छोड़ने और धमकाने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में पीड़ित परिवार के लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि वे गांव के रास्ते से गुजर रही थीं, तभी दबंग प्रवृत्ति के कुछ लोगों ने जानबूझकर उन पर कुत्ता छोड़ दिया। महिलाओं का कहना है कि इस दौरान उन्हें धमकाया भी गया। घटना के बाद परिवार के लोग आक्रोशित हो गए और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
यह मामला थाना फेस-3 थाना क्षेत्र के बसई गांव का बताया जा रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष पहले भी दबंगई दिखाता रहा है और इस बार महिलाओं को निशाना बनाया गया।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार दिनांक 01-03-2026 को दो पक्षों के बीच कुत्ता टहलाने को लेकर विवाद हुआ था। आवेदिका द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना फेस-3 में अभियोग पंजीकृत किया गया।
थाना फेस-3 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त सुन्नी पुत्र रामवीर, निवासी ग्राम बसई, सेक्टर-70, नोएडा को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी उमेश यादव स्वयं मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
गांव में बना तनाव का माहौल
घटना के बाद बसई गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।।
