गौतमबुद्धनगर: नोएडा के बसई गांव में महिलाओं पर कुत्ता छोड़ने का आरोप, थाने पर पहुंचा पीड़ित परिवार; एसीपी ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन!!
दो टूक// नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र अंतर्गत बसई गांव में महिलाओं के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते से गुजर रही महिलाओं पर गांव के कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने जानबूझकर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़ित महिलाएं और उनके परिजन आक्रोशित होकर थाना फेस-3 पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि आरोपी लगातार दबाव बनाने और डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक मुख्य आरोपियों के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (एसीपी) उमेश यादव स्वयं मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष से बातचीत की। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसीपी ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में दबंग प्रवृत्ति के कुछ लोग अक्सर आम रास्तों पर विवाद खड़ा करते रहते हैं, जिससे आम नागरिकों, खासकर महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस क्या ठोस कार्रवाई करती है।।
