मंगलवार, 3 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: Gaur City 1 के फ्लैट में युवती का शव मिलने से सनसनी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: Gaur City 1 के फ्लैट में युवती का शव मिलने से सनसनी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से कर रही जांच

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश की ‘शो विंडो’ कहे जाने वाले नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एक बार फिर संदिग्ध हालात में युवती की मौत का मामला सामने आया है। Greater Noida के वेस्ट क्षेत्र स्थित नामचीन आवासीय सोसाइटी Gaur City 1 के एक फ्लैट में युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक युवती मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही है और वह यहां एक परिचित के साथ रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही Bisrakh थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फ्लैट को सील कर साक्ष्य एकत्रित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिजनों का गंभीर आरोप

मामले में नया मोड़ तब आया जब युवती के परिजनों ने उसके एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी और उसके साथ साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस की जांच कई एंगल से

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आत्महत्या और हत्या—दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फ्लैट में मौजूद सामान, मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

लगातार बढ़ रही घटनाएं

गौरतलब है कि हाल के महीनों में नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में आत्महत्या और संदिग्ध मौतों की घटनाओं में इजाफा देखने को मिला है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटना के प्रत्येक बिंदु पर गहनता से जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।।