मंगलवार, 3 मार्च 2026

हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: डबल डेकर बस ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 की मौत, कई गंभीर!!

शेयर करें:

हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: डबल डेकर बस ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 की मौत, कई गंभीर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// हाथरस (उत्तर प्रदेश)। जनपद हाथरस में तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। थाना सादाबाद क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 141 के पास मंगलवार सुबह करीब 4:00 से 4:15 बजे के बीच डबल डेकर बस और ईको वैन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वैन सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

दिल्ली से धौलपुर जा रही थी ईको वैन

पुलिस के अनुसार, ईको वैन दिल्ली से धौलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान नोएडा से गोरखपुर जा रही एक डबल डेकर बस ने पीछे से वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ईको में कुल 13 लोग सवार थे।

6 की इलाज के दौरान मौत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीएससी खंदौली भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को आगरा के अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

ईको वैन का चालक सुरक्षित है।

ASP रामानंद कुशवाहा ने दी जानकारी

हाथरस के अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि सुबह करीब 4:15 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ने पीछे से ईको वैन को टक्कर मारी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण माना जा रहा है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।।