गोण्डा- 25 मार्च को फुलवारी पब्लिक स्कूल में ‘’ईवोरा" नामक भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह से किया गया। "ईवोरा" का अर्थ है — नई शुरुआत, उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होना तथा जीवन के एक महत्वपूर्ण चरण से दूसरे चरण में प्रवेश करना। यह नाम विद्यार्थियों के जीवन में आगे बढ़ने और नई ऊँचाइयों को छूने की प्रेरणा का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के प्रो. आरबी बघेल, गोंडा के क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर, इंकलाब फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह, तृषा पैथालॉजी के संस्थापक डॉ. राकेश सिंह व विद्यालय के अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह और मालती सिंह, विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती नीता सिंह ने मां सरस्वती को माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसे विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती नीता सिंह ने अपने अभिभाषण में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के महत्व पर विशेष बल दिया।
इस आयोजन के पीछे विद्यालय के सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाओं का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने कठिन परिश्रम एवं समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
