गौतमबुद्धनगर: नोएडा मेट्रो में सनसनी: सेक्टर-16 स्टेशन पर युवती ने ट्रैक पर लगाई छलांग, वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर एक युवती द्वारा मेट्रो ट्रैक पर कूदने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना बुधवार शाम करीब 4:15 बजे की बताई जा रही है, जब स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच अचानक हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान दिल्ली के न्यू कोंडली निवासी संस्कृति के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती कुछ देर प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही और अचानक ट्रैक पर छलांग लगा दी। घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
घटना की सूचना मिलते ही मेट्रो स्टाफ तुरंत हरकत में आया और सुरक्षा के तहत कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाओं को रोक दिया गया। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और युवती को गंभीर हालत में ट्रैक से बाहर निकाला गया।
घायल युवती को तत्काल नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके सिर में गंभीर चोट आई है और फिलहाल उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं बाधित रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बाद में स्थिति को सामान्य कर लिया गया और सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवती ने ऐसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल इस घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
यह घटना एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।।
