बुधवार, 25 मार्च 2026

गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन कन्विक्शन का असर: अपहरण के बाद हत्या मामले में दो दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाई सख्त सजा!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन कन्विक्शन का असर: अपहरण के बाद हत्या मामले में दो दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाई सख्त सजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत एक सनसनीखेज अपहरण और हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल हुई है। प्रभावी पैरवी और साक्ष्यों की मजबूत प्रस्तुति के चलते माननीय न्यायालय ने दो अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

मामला थाना ईकोटेक-3 में वर्ष 2022 में दर्ज मु0अ0सं0 400/2022 से जुड़ा है, जिसमें धारा 364 (अपहरण), 302 (हत्या) और 201 (सबूत मिटाने) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इस मामले में अभियुक्त अनिल और संजय, दोनों निवासी ग्राम जहांगीरपुर, थाना जेवर, जिला गौतमबुद्धनगर, को अदालत ने दोषी पाया।

न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 20,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड न जमा करने पर एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। वहीं, धारा 201 के तहत 5 वर्ष के कठोर कारावास और 10,000 रुपये के जुर्माने की सजा भी सुनाई गई है। जुर्माना न देने की स्थिति में 3 माह का अतिरिक्त कारावास निर्धारित किया गया है।

इस मामले में पुलिस की मॉनिटरिंग सेल, थाना ईकोटेक-3 पुलिस टीम और अभियोजन इकाई की प्रभावी पैरवी ने अहम भूमिका निभाई। सटीक जांच और सशक्त साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट में मजबूती से पक्ष रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सकी।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और “ऑपरेशन कन्विक्शन” के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों में दोषसिद्धि सुनिश्चित की जाएगी।