गौतमबुद्धनगर: नोएडा के ESIC अस्पताल में दर्दनाक हादसा: कैंसर पीड़ित मरीज ने 5वीं मंजिल से कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। सेक्टर-24 स्थित ESIC अस्पताल में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कैंसर से जूझ रहे एक मरीज ने अस्पताल की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मरीजों व परिजनों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश कुमार (47 वर्ष) पुत्र रामकिशोर, निवासी भंगेल नोएडा के रूप में हुई है। वह मुंह के कैंसर से पीड़ित थे और 9 मार्च 2026 से ESIC अस्पताल में भर्ती होकर उपचार करा रहे थे। उनकी पत्नी भी अस्पताल में रहकर उनकी देखभाल कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 25 मार्च 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अस्पताल की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मुकेश कुमार बीमारी और उससे जुड़े मानसिक तनाव से बेहद परेशान थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने अस्पताल की सीढ़ियों के पास बनी खिड़की को खोलकर पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल प्रशासन से भी जानकारी जुटाई।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे बीमारी से उपजे मानसिक तनाव को मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की मानसिक स्थिति और उन्हें मिलने वाली काउंसलिंग की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मरीजों को केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक सहारा और परामर्श भी उतना ही जरूरी है, ताकि वे इस तरह के कठोर कदम उठाने से बच सकें।
