गौतमबुद्धनगर: “बुके नहीं, बुक दें” : नोएडा लोक मंच का अनूठा पुस्तक दान अभियान, जरूरतमंद छात्रों के लिए उम्मीद की किरण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा, 26 मार्च।
शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहयोग और जिम्मेदारी का एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए नोएडा लोक मंच ने “बुके नहीं, बुक दें” अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के तहत पुरानी पाठ्यपुस्तकों का दान कर जरूरतमंद विद्यार्थियों तक ज्ञान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र से पहले ही उन्हें किताबों के लिए भटकना न पड़े।
इस अभियान के अंतर्गत सेक्टर-15 स्थित नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी में रविवार, 29 मार्च को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विशेष पुस्तक दान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य उन छात्रों की मदद करना है, जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण नई किताबें खरीदने में असमर्थ रहते हैं।
नोएडा लोक मंच ने शहर और आसपास के सेक्टरों में रहने वाले नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं की पुरानी पाठ्यपुस्तकें दान करें। खासकर वे छात्र, जिन्होंने हाल ही में अपनी बोर्ड परीक्षाएं पूरी की हैं, उनसे आग्रह किया गया है कि वे अपनी उपयोग में लाई गई किताबों को जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध कराएं।
संस्था का मानना है कि यह पहल न केवल शिक्षा के प्रसार में सहायक होगी, बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करेगी। “एक छात्र की पुरानी किताब, दूसरे छात्र के लिए नई उम्मीद बन सकती है”—इसी सोच के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर इस मुहिम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में रहने वाले लोग इस संदेश को सोसाइटी ग्रुप्स और सोशल मीडिया के माध्यम से साझा कर रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
नोएडा लोक मंच ने सभी नागरिकों से इस सामाजिक पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की है, ताकि कोई भी छात्र केवल संसाधनों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रह जाए।।
