गौतमबुद्धनगर: जारचा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 75 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब समेत दो तस्कर गिरफ्तार, कार भी जब्त!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
ग्रेटर नोएडा, 26 मार्च 2026
दो टूक// पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना जारचा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 75 बोतल हरियाणा मार्का अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 25 मार्च 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर थाना जारचा पुलिस टीम ने कलौन्दा श्मशान घाट तिराहा पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चन्द्रपाल (55 वर्ष) निवासी ग्राम पिलकसराय, थाना अमरोहा देहात, जिला अमरोहा तथा जितेन्द्र (26 वर्ष) निवासी ग्राम खेतापुर, थाना बहजोई, जनपद सम्भल के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 75 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब (नाइट ब्लू मेट्रो लिकर, हरियाणा मार्का) बरामद की। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अल्टो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर HR39AQ1640) को भी जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में थाना जारचा पर मु0अ0सं0 48/2026 के तहत धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की अपील:
आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।।
