गौतमबुद्धनगर: ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएम ने किया त्रैमासिक निरीक्षण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 26 मार्च 2026।
दो टूक//जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा, निगरानी प्रणाली और रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस के मुख्य द्वार पर लगे ताले और उसकी सील की जांच की, जो पूरी तरह सुरक्षित और यथावत पाई गई। इसके साथ ही वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया गया, जिसमें सभी कैमरे सुचारु रूप से कार्य करते पाए गए। अधिकारियों ने खिड़कियों और रोशनदानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया, ताकि किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे सुरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से पालन करें और हर समय सतर्क रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़ी सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक और व्यवस्थित पाई गईं, जिससे प्रशासन की तैयारियों पर भरोसा मजबूत होता है। इस अवसर पर विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें भाजपा से जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, कांग्रेस के जिला महासचिव कपिल भाटी, समाजवादी पार्टी के जिला प्रभारी अनूप तिवारी, सीपीआई के जिला सहसचिव अरुण प्रताप सिंह तथा बहुजन समाज पार्टी के जिला सचिव डॉ. रविंद्र तोमर शामिल रहे।
इसके अलावा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार और जिला निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।।
