गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 15 हजार का इनामी गैंगस्टर अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा, 25 मार्च 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना सूरजपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 25 मार्च 2026 को थाना सूरजपुर की टीम ने मु0अ0सं0 154/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे अभियुक्त अभिषेक गौतम उर्फ रवि को ग्राम खेड़ी कट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह संचालित करता था, जो घरों में घुसकर चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देता था। इन आपराधिक गतिविधियों के जरिए गिरोह अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित करता था। पूर्व में दर्ज कई मामलों के चलते आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की सक्रियता और सटीक सूचना के आधार पर आखिरकार उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक गौतम उर्फ रवि (31 वर्ष) निवासी गौतमपुरी, कस्बा एवं थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे उसके अन्य साथियों और गिरोह की गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। साथ ही, अन्य लंबित मामलों में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
थाना सूरजपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।।
