गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण की बड़ी पहल: उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक, कई अहम फैसलों के संकेत!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 24 मार्च 2026।
दो टूक// नोएडा क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की लंबित समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की। यह बैठक प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में प्राधिकरण सभागार में सम्पन्न हुई, जिसमें नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन सहित क्षेत्र के अनेक उद्यमियों ने भाग लिया।
बैठक में औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। उद्यमियों ने विशेष रूप से भूखंडों पर जारी नोटिसों की वापसी प्रक्रिया को सरल बनाने, यूनिफाइड नीति में परिवार से जुड़े नामों (जैसे पुत्रवधू) को शामिल करने, अंतरण शुल्क एवं समयवृद्धि शुल्क में कमी करने तथा परियोजना परिवर्तन की प्रक्रिया को आसान बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
इसके अलावा औद्योगिक सेक्टरों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव, कार्यशीलता बढ़ाने के लिए समय सीमा में विस्तार, भू-भाटक को मूल आवंटन दर पर लेने और पशुचर भूमि से जुड़े तहसीली नोटिसों के त्वरित निस्तारण जैसे मुद्दे भी बैठक में प्रमुखता से सामने आए।
उद्यमियों की इन समस्याओं पर गंभीरता दिखाते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने आश्वासन दिया कि वाणिज्यिक गतिविधियों से संबंधित नोटिस वापसी की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्रस्ताव जल्द ही आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। साथ ही यूनिफाइड नीति में आवश्यक संशोधन, परियोजना परिवर्तन प्रक्रिया का सरलीकरण और शुल्कों में राहत जैसे विषयों पर प्राधिकरण स्तर पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
बैठक के दौरान प्राधिकरण के महाप्रबंधक (नियोजन, जल, सीवर, सिविल, जन-स्वास्थ्य), सहायक महाप्रबंधक (औद्योगिक) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को औद्योगिक सेक्टर, वेंडिंग जोन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस पहल को उद्योग जगत के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। बैठक के अंत में नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन और अन्य उद्यमियों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्राधिकरण के इन प्रयासों से उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी और क्षेत्र में निवेश का माहौल और मजबूत होगा।
